इंडो -नेपाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने नवपदस्थापित आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह को किया सम्मानित
-एसडीपीओ मनीष आनंद का भी हुआ अभिनंदन
पूर्वी चंपारण। जिले के रक्सौल शहर के मुख्य पथ स्थित थाना परिसर में शनिवार को इंडो नेपाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में रक्सौल थाना में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह को पदभार ग्रहण करने पर पुष्पमाला, बुके, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसडीपीओ मनीष आनंद को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं रक्सौल से तबादला प्राप्त थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार को पुष्पमाला, बुके, शॉल एवं मोमेंटो प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए इंडो नेपाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि संस्था की ओर से नवपदस्थापित थानाध्यक्ष को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में शहर में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ेगा। उन्होंने एसडीपीओ मनीष आनंद तथा पूर्व थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार के कार्यकाल की भी सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक कुमार ने अपने कार्यकाल में बेहतर पुलिसिंग का परिचय दिया, जिसे रक्सौल की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।
नवपदस्थापित थानाध्यक्ष आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह ने कहा कि रक्सौल सीमावर्ती शहर होने के कारण अत्यंत संवेदनशील है। अपराध पर नियंत्रण, नशा के कारोबार पर सख्ती तथा शहर में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से पुलिस के साथ संवाद और सहयोग बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर कपड़ा बैंक की निदेशिका ज्योति राज गुप्ता की टीम ने भी तीनों पदाधिकारियों को बुके देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिवशंकर प्रसाद, बिमल कुमार सर्राफ, जगदीश अग्रवाल, रमेश कुमार, सुबोध कुमार गुप्ता, रजनीश प्रियदर्शी, राजू कुमार सहित इंडो नेपाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कई सदस्य उपस्थित रहे।

