4 लाख 95 हजार रुपये के भारतीय जाली नोट के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
मोतिहारी। पुलिस ने जाली नोट के धंधे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा स्टेशन के समीप वाहन जांच के दौरान 4 लाख 95 हजार रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किया है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की शाम सूचना मिली कि कुछ लोग भारतीय जाली नोटों की खेप लेकर आने वाले है। सूचना के आलोक में एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में तुरकौलिया व बंजरिया थाना की विशेष टीम ने सेमरा स्टेशन के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी लिया गया।
इस दौरान पुलिस को देख एक व्यक्ति चकमा देकर भाग निकला, जबकि दूसरे की तलाशी के दौरान जाली नोट के बंडल बरामद किये गये। तत्काल पुलिस टीम ने उसे हिरासत ले लिया। जिसकी पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव निवासी शेख मजीर के पुत्र शेख अयनुल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से जाली नोटों के दस बंडल बरामद किए गए, जिनकी कुल राशि 4,95,000 रुपये बताई गई है।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व सदर डीएसपी दिलीप कुमार के अलावें तुरकौलिया थानाध्यक्ष रणजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रेणु कुमारी, अमरजीत कुमार, जिला आसूचना इकाई की टीम और बंजरिया व तुरकौलिया थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। फरार व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। वह पूर्व में भी जाली नोट के मामले में यूपी में जेल जा चुका है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा।इसके साथ ही पुलिस जाली नोटों की इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

