फेनहारा में नव निर्मित मॉडल थाना भवन का उद्घाटन
-उदघाटन के मौके पर बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
मोतिहारी। जिले के पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात और विधायक मधुबन राणा रणधीर सिंह ने फेनहरा में नव निर्मित थाना भवन और आउट हाउस का फीता काटकर उद्घाटन किया। पूरे मंत्रोचार और पुष्प वर्षा के साथ थाना भवन के मुख्य द्वार से मुख्य अतिथि भवन में प्रवेश किए। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे थे।
इस अवसर पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि इतने सारे लोग आज यहां पहुंचे है, यह देखकर मैं अभिभूत हुँ। उन्होंने कहा कि आपकी उपस्थिति बता रही है कि आपका पुलिस के प्रति पूर्ण विश्वास है। विधायक श्री सिंह ने कहा कि पुलिस कप्तान की कार्यशैली काफी सराहनीय है।
उनके प्रयास से आज यह भवन बनकर तैयार हो गया है, जो आम नागरिक और पुलिस वाले दोनों के लिए बेहतर होगा। इस मौके पर एसडीएम पकड़ीदयाल मंगला कुमारी, डीएसपी चंदन कुमार, थानाध्यक्ष रजनीश कुमार सहित कई महकमे के पदाधिकारी, स्थानीय स्तर के प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

