हरसिद्धि में चोरी की घटना का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 3 मोबाइल व साइकिल बरामद
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के दामोवृति गांव में एक घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए तीन मोबाइल फोन और एक साइकिल बरामद किया है। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने बताया कि 7 मार्च को दामोवृति गांव में एक घर से तीन मोबाइल फोन और एक साइकिल चोरी होने की सूचना मिली थी।
घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति द्वारा थाना में आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। जांच के क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक व्यक्ति हरेंद्र साह को गिरफ्तार किया। हरेंद्र साह कबाड़ी का काम करता है। पुलिस ने उसकी दुकान की तलाशी ली, जहां से चोरी की साइकिल बरामद की गई। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर हरेंद्र साह ने बताया कि उक्त साइकिल उसे कोटवा निवासी बिट्टू कुमार द्वारा बेच दी गई थी।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटवा में छापेमारी कर बिट्टू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए, जो हरसिद्धि क्षेत्र से ही चोरी किए गए थे। पूछताछ में आरोपी बिट्टू कुमार ने स्वीकार किया कि उसे नशे की लत है और इसी वजह से वह चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति के आवेदन के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

