उधोग विभाग एवं बैंकर्सो के संयुक्त तत्वावधान में ऋण वितरण शिविर का आयोजन
– 53 लाभार्थियों का कुल 304.14 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत
– 35 लाभार्थियों को 239.98 लाख रुपए की ऋण का वितरण
मोतिहारी। समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभा भवन में जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में उद्यम स्थापित करने के लिए उद्योग विभाग की ओर से संचालित योजना अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं भुगतान की समीक्षा -सह- ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
जिसमें महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र एवं एलडीएम सहित बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। जिला में संचालित सभी बैंक का पीएमईजीपी, पीएमएफएमई एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रगति की समीक्षा की गई। पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन अंतर्गत विभिन्न बैंकों द्वारा 76 निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध कुल-93 ऋण आवेदन स्वीकृत एवं 28 लाभुकों को ऋण का भुगतान किया गया है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 440 निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध कुल-284 ऋण आवेदन स्वीकृत एवं 139 लाभुकों को ऋण का भुगतान किया गया है। महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्ति की ओर है, इसलिए सभी बैंक अविलंब लक्ष्य को पूर्ण करें, साथ ही जिले में जो भी लोग उद्यम स्थापित करने के लिए इच्छुक हैं, उन्हें चिन्हित कर पीएमईजीपी एवं पीएमएफएमई योजना के तहत आवेदन लेकर अविलंब ऋण का स्वीकृत एवं भुगतान करें ।
विभिन्न बैंकों के द्वारा आश्वासन दिया गया की अगले 10 दिनों में पीएमईजीपी एवं पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण कर लिया जायेगा। इस ऋण वितरण शिविर में कुल 53 लाभार्थियों का कुल 304.14 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत एवं 35 लाभार्थियों को कुल 239.98 लाख रुपए की ऋण राशि का वितरण किया गया।

