बीएमआईसीएल के डीजीएम के आवास पर निगरानी ने की छापेमारी
32 लाख कैश बरामद,करोड़ों के जेवरात और कई फ्लैट्स के मिले कागजात
पटना। विशेष निगरानी इकाई लगातार भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। एसवीयू ने गुरूवार को बीएमएसआईसीएल के उपमहाप्रबंधक पंकज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी कर अकूत संपत्ति का खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच के दौरान 32 लाख रुपये नकद, करीब 1.31 करोड़ रुपये के सोना-हीरा-चांदी के गहने और सोना खरीद की 150 से अधिक रसीदें मिली हैं। इसके साथ कई फ्लैट्स के कागजात मिले हैं।
छापेमारी के लिए निगरानी की टीम जैसे ही कदमकुआं कांग्रेस मैदान के पास स्थित अधिकारी केआवास पर पहुंची वैसे आवास के बाहर नोटों के बंडल और जेवरात फेंके जाने लगे।इसके बाद छापेमारी की टीम ने फेंके गये नोटों के बंडल और जेवरात को एकत्रित कर जब्त कर लिया। एसवीयू ने बिहार प्रशासनिक सेवा के उक्त अधिकारी के खिलाफ आय से 94 लाख 46 हजार 66 रुपये से अधिक अर्जित करने का केस दर्ज करने के बाद कई ठिकानों की तलाशी ली है।
जांच एजेंसी को अभियुक्त पंकज कुमार एवं पत्नी के नाम से अचल संपत्ति के कई दस्तावेज मिले हैं। पटना के कंकड़बाग स्थित एक अपार्टमेंट में इनका दो फ्लैट होने की बात बतायी जा रही है। इसके अलावे कदमकुआं स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या- 105 है। छापेमारी के दौरान अभियुक्त के सेवा काल में खरीद गये सोने के आभूषण के डेढ़ सौ से अधिक रसीद पाए गए हैं। जिन पर अनुसंधान किया जा रहा है। इसके अलावा वित्तीय संस्थानों में निवेश से संबंधित दस्तावेज एवं बैंक खाता मिले हैं।

