हरसिद्धि में टेक होम राशन वितरण का जिला स्तरीय टीम ने लिया जायजा
हरसिद्धि में टेक होम राशन वितरण का जिला स्तरीय टीम ने लिया जायजा
-आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 71 पर मिली अनियमितता
– टीम ने डीएम को भेजा जांच रिपोर्ट
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुधवार को टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण किया गया। इस दौरान डीएम द्वारा गठित जांच टीम ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण टीम में ईख पदाधिकारी राहुल कुमार एवं बीडीओ गुलशन कुमार शामिल थे। जांच के क्रम में टीम हरपुर राय पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 71 पहुंची, जहां कई अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर बच्चे निर्धारित ड्रेस में नहीं थे । साथ ही केंद्र पर पोषाहार तैयार नहीं मिला।
ग्रामीणों ने भी केंद्र के संचालन को लेकर असंतोष व्यक्त किया और नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। निरीक्षण टीम ने केंद्र पर संधारित विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया। जांच में पाया गया कि पंजी संधारण सही तरीके से नहीं किया जा रहा था। इस संबंध में सेविका रीमा कुमारी से केंद्र संचालन को लेकर पूछताछ की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। केंद्र परिसर की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर सहायिका को कड़ी चेतावनी दी गई। जांच के दौरान महिला प्रवेक्षिका सावित्री कुमारी समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, संबंधित कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

