मोतिहारी में बड़े सैक्स रैकेट का खुलासा
-मुख्य सरगना सहित चार महिला आपत्तिजनक सामग्री के साथ गिरफ्तार
मोतिहारी।पुलिस ने एक बड़े संगठित देह व्यापार गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस की टीम ने छापेमारी कर मुख्य सरगना समेत चार महिलाओं को पकड़ा है।
उक्त कार्रवाई शहर के छतौनी थाना क्षेत्र में की गई। जानकारी के अनुसार, एसपी स्वर्ण प्रभात को सूचना मिली थी कि छतौनी थाना क्षेत्र में संगठित सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए एक टीम गठित की गई तत्पश्चात पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।
खुलासा हुआ कि नंदलाल नामक व्यक्ति इस रैकेट का संचालन कर रहा था। वह ग्राहकों को व्हाट्सऐप के जरिए लड़कियों की तस्वीरें भेजकर पसंद करवाता था। पसंद होने के बाद भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से लिया जाता था। बकौल नंदलाल जरूरत पड़ने पर दिल्ली और अन्य राज्यों से भी लड़कियां बुलाने की व्यवस्था की जाती थी।
बताते हैं कि छापेमारी के पूर्व एक सिपाही को सिविल ड्रेस में ग्राहक बनाकर नंदलाल के पास भेजा गया। आरोपी ने व्हाट्सऐप पर कई लड़कियों की तस्वीरें दिखाईं और सौदे की बात की। लिहाजा पुलिस ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नंदलाल ने बताया कि सभी महिलाएं अलग-अलग स्थानों पर रहती थीं। फोन पर सौदा तय होने के बाद उन्हें ग्राहक के बताए पते पर भेजा जाता था।
उसके निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चार महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिलाओं ने इस धंधे में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मुख्य आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले सात-आठ महीनों से इस रैकेट का संचालन कर रहा था।
एक टीवी कार्यक्रम देखकर उसे इस तरह से काम करने का विचार आया। एक ही स्थान पर धंधा चलाने के बजाय वह ग्राहकों के घर पर महिलाओं को भेजता था, जिससे अधिक कमाई होती थी और पकड़े जाने का खतरा कम रहता था। मामले में एएसपी हेमंत सिंह ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

