इनामी अपराधी लोडेड पिस्टल के साथ पकड़ाया

इनामी अपराधी लोडेड पिस्टल के साथ पकड़ाया
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनकररिया पंचायत के विसही गांव में रविवार को पुलिस ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर हत्या, डकैती, लूट तथा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अपराधी विसही गांव निवासी अवनीश कुमार सिंह उर्फ देवा है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध हथियार तथा चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

उक्त कार्रवाई अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में की गई। छापेमारी अभियान में पहाड़पुर, गोविंदगंज, हरसिद्धि एवं मलाही थाना की पुलिस टीम संयुक्त रूप से शामिल रही।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त अपराधी अपने गांव में छिपा हुआ है, जिसके आधार पर विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध चोरी,हत्या, डकैती, लूट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। इसके ऊपर दस हजार का इनाम भी घोषित था।

डीएसपी ने बताया कि गोविंदगंज थाना क्षेत्र में पहाड़पुर के लौकहा गांव निवासी कुबेर पांडेय हत्या कांड में भी वह वांछित था। जानकारी के अनुसार दिसंबर 2024 में बीआरसी अरेराज से ड्यूटी कर घर लौटने के दौरान रढिया गाँव के समीप अपराधियों ने गोली मारकर कुबेर पांडेय की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में मृतक के सहोदर भाई लोकेश पाण्डेय ने अपराधियों को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलवाया था।

पुलिस ने इस मामले में पूर्व में लोकेश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था, जहां उसकी मृत्यु हो चुकी है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी से जुड़े अन्य आपराधिक नेटवर्क की वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुट गई है। पूछताछ के आधार पर कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page