वीरगंज में सामुदायिक विवाद के बाद कर्फ्यू, हालात तनावपूर्ण
रक्सौल। नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत वीरगंज महानगरपालिका क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन ने सोमवार से कर्फ्यू लागू कर दिया है। रक्सौल से सटे इस सीमावर्ती शहर में रविवार शाम हुई झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए थे। एहतियातन कदम उठाते हुए प्रशासन ने सोमवार सुबह करीब पौने दस बजे से कर्फ्यू आदेश जारी किया। स्थानीय लोगों से घरों में ही रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार वीरगंज महानगरपालिका के वार्ड संख्या-11 स्थित श्रीपुर इलाके में वाहन पार्किंग को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी झड़प में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।

हालात को नियंत्रित करने के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
सोमवार सुबह क्षेत्र में नारेबाजी और संभावित जुलूस की सूचना के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कर्फ्यू लागू कर दिया। पर्सा के पुलिस प्रमुख एसपी नरेशराज सुवेदी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल तथा नेपाली सेना को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है।

