भिवाड़ी हादसा में मृत सातो मजदूरो का शव पहुंचा उनके गांव,मचा कोहराम
मोतिहारी। राजस्थान के भिवाड़ी औधोगिक क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में जान गंवाने वाले घोड़ासहन, चिरैया व हरसिद्धि प्रखंड के मटियारिया और मुरारपुर गांव के सात युवकों के अवशेष रविवार को विशेष एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव पहुंचा। इसके पूर्व मोतिहारी सदर अस्पताल में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रत्येक मृतक के अवशेष अलग-अलग एंबुलेंस से उनके गांव पहुंचाये गये।
शवो को लेकर जैसे ही एंबुलेंस उनके गांव में दाखिल हुई, हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े।मृत युवको के परिजनों का चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।परिजनो के साथ गांव के महिलाओ,बच्चे और बुजुर्गो को रोते बिलखते देखा गया। पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। अरेराज डीएसपी रवि कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी एवं हरसिद्धि थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार सहित पांच थानों की पुलिस और जिला बल मौके पर तैनात रहे।
सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि मटियारिया गांव छावनी में तब्दील नजर आया। मृतक श्याम कुमार के पिता राजदेव पासवान, अमरेश कुमार के पिता कृष्णा राम, अभिषेक उर्फ अजीत के बेटा मिकू,मंटू कुमार के पिता सुरेंद्र राम तथा रवि कुमार राम के पिता रामदत्त राम ने मुखाग्नि देकर अपने-अपने पुत्रों व पिता को अंतिम विदाई दी।

