मधुबन में जीविका परियोजना की ओर रोजगार मेला का विधायक ने विधिवत किया शुभारंभ
– रोजगार मेला से युवक एवं युवतियों को मिलेंगे कमाई के अवसर: ई. राणा रणधीर
मधुबन। प्रखंड के श्री कृष्ण गोशाला में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया । मेले में देश भर के प्रसिद्ध कंपनियों में शिवशक्ति बायोटेक, उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक, होप केयर, क्वेस्कॉर्प एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सहित कुल 13 कंपनियों ने भाग लिया।
मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक ई.राणा रणधीर सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी पकड़ीदयाल मंगला पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार, जीविका जिला कार्यालय कृष्ण रंजन सिंह, जीविका मधुबन के प्रखंड परियोजना प्रबंधक आकाश कुमार एवं जीविका संकुल के दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस मेले में मधुबन प्रखंड के अलावा तेतरिया , फेनहारा एवं पकड़ीदयाल प्रखंड के बेरोजगार युवक-युवतियों ने उपस्थित होकर रोजगार एवं प्रशिक्षण के लिए विभिन्न कंपनियों में आवेदन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रखंड युवाओं और जीविका दीदियों ने जो अपने प्रदेश में विकास की नयी मिसाल कायम करते हुए जो सामजिक परिवर्तन की है, वो जीविका परियोजना के बिना असंभव था। जीविका परियोजना ग्रामीण सुदूर क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर जीविका जीविकोपार्जन के सभी क्षेत्रों में भी अहम योगदान कर रहा है।
इस क्षेत्र में जीविका रोजगार मेले के आयोजन से ग्रामीण युवक एवं युवतियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने ने जीविका दीदियों द्वारा किये जा रहे विभिन्न जीविकोपार्जन संबंधी कार्य या समाज से जुड़े सामाजिक कार्यों की काफी सराहना की। उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार हेतु विशेष मार्गदर्शन भी दिया गया।
इसके पूर्व आईबीसीबी प्रबंधक कृष्ण रंजन कुमार ने विस्तार से जीविका के कार्यों एवं रोजगार मेले के अहमियत को साझा करते हुए इसकी आज के परिपेक्ष्य में जरूरत एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। जीविका पूर्वी चंपारण रोजगार प्रबंधक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस रोजगार सह मार्गदर्शन मेला में कुल 1561 बेरोजगार युवक-युवतियों ने अपना पंजीकरण कराया।
मेले में विभिन्न कंपनियों के द्वारा कुल 256 अभ्यर्थियों को नियुक्ति के अगले चरण के लिए चयन किया गया। 306 अभ्यर्थियों ने कौशल विकास एवं नियोजन के लिए एसएमओ. एवं हाउस कीपिंग ट्रेड्स प्रशिक्षण आवेदन दिया। जबकि 188 अभ्यर्थियों ने आरएसईटीआई में प्रशिक्षण हेतु अपना आवेदन दिया।
मंच का संचालन जीविका के स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक रमण कुमार ने किया। अंत में जीविका बीपीएम मधुबन आकाश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर के कई अधिकारी सहित मधुबन प्रखंड के क्षेत्रीय समन्वयक पंकज कुमार, सामुदायिक समन्वयक विश्व मोहन कुमार, वाल्मीकि कुमार,अमित कुमार, लेखपाल अखिलेश कुमार सहित सैकड़ों जीविका दीदी एवं कैडर उपस्थित थे।

