बाइक चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार
– शिवहर जेल से फरार हो चोरी की घटनाओं को देता था अंजाम
मोतिहारी। पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के सरगना आदर्श कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के विजुलपुरा गांव निवासी आदर्श कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों के अलावा अन्य जिलों में भी बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक चोर गिरोह का सरगना आदर्श कुमार जानपुल चौक स्थित एक किराये के मकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आदर्श कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली मास्टर चाबी, 20 से अधिक सिम कार्ड और अलग-अलग जिलों के नंबर प्लेट सहित कई संदिग्ध सामान बरामद हुए हैं। बरामद सामान से यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस पूछताछ में आदर्श कुमार ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह चोरी की गई बाइक को नेपाल ले जाकर बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व वह शिवहर जेल में पेशी के दौरान फरार हो गया था और तब से लगातार पुलिस की नजरों से बच रहा था।
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिससे बाइक चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

