राष्ट्रीय सम्मान 2026: दानवीर कर्ण पुरस्कार से विभूषित होंगे मधुरेंद्र
मोतिहारी। विश्व मातृभाषा दिवस के अवसर पर बिहार के अंग प्रदेश स्थित भागलपुर में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले अंग अंगिका साहित्य महोत्सव में बिहार के लाल व देश के सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय रेत शिल्पकार मधुरेंद्र कुमार को प्रतिष्ठित ‘दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र को इस संबंध में व्हाट्सएप के जरिए एक आमंत्रण पत्र भेजकर जानकारी देते हुए जनसत्ता के वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत ने बताया कि युग चेतना, अंग जन गण, अंग मदद एवं अंगिका सभा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साहित्यिक-सांस्कृतिक महोत्सव में अंगिका भाषा, साहित्य और कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। जिसमें भारतीय समकालीन कला के क्षेत्र में अपनी अद्वितीय उत्कृष्ट योगदान के लिए सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र का नाम शामिल है।
उन्होंने बताया कि मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अद्भुत रेत कला के माध्यम से न केवल देशभर में, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों का प्रभावशाली संदेश दिया है। उनकी कलाकृतियों ने विश्व स्तर पर भारत और बिहार का गौरव बढ़ाया है।
अंगिका साहित्य महोत्सव में उन्हें ‘दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान’ से अलंकृत किया जाना अंग प्रदेश सहित पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

