तुरकौलिया थाना पर एसपी का जनता दरबार,ऑन स्पॉट हुई करवाई
पूर्वी चंपारण।एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थाना परिसर में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में कुल 80 फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।जनता दरबार के दौरान प्राप्त आवेदनों में अधिकांश मामले जमीन विवाद से जुड़े पाए गए। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनता दरबार के दौरान कांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले करीब आधा दर्जन पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मुफ़्फ़सिल सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिन्हा सहित तीन अनुसंधान अधिकारियों (आईओ) के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया, जबकि दारोगा मंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
कारवाई होने वाले पुलिस पदाधिकारी मे दारोगा सुबोध कुमार, दारोगा मंजय कुमार, मंदन कुमार, चौकीदार कमलेश कुमार शामिल है।
एसपी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद से जिले के सभी थानों में लगातार जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। वे स्वयं विभिन्न थानों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इससे आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और कई पुराने मामलों का समाधान भी तेजी से हो रहा है।
इस अवसर पर सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार, थानाध्यक्ष उमाशंकर माझी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।एसपी ने कहा कि आगे भी जनता दरबार आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

