सत्याग्रह एक्सप्रेस के कोच में फंदे से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव
रक्सौल। रेलवे स्टेशन के वाशिंग पिट में खड़ी सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर कोच (एस-5) में शुक्रवार को एक युवक का शव फंदे से लटकते मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गर्दन पर रस्सी जैसी चीज़ से बने जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला आत्महत्या या हत्या की ओर इशारा कर रहा है। घटना के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15273 (सत्याग्रह एक्सप्रेस) सफाई और रखरखाव के लिए वाशिंग पिट में खड़ी थी। इसी दौरान रेलकर्मियों की नजर कोच संख्या एस-5 में फंदे से झूलते युवक पर पड़ी। युवक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक के गले पर चोट के निशान मौजूद हैं, जो हत्या की आशंका को पुख्ता कर रहे हैं।

फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इधर घटना की सूचना मिलते ही बेतिया के डीएसआरपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का मानना है कि फॉरेंसिक जांच से मौत के समय और कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
रक्सौल जीआरपी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं। गर्दन पर मिले निशानों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी। फिलहाल अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

