संदेहास्पद स्थिति में युवती की मौत, पिता पुत्र से पुलिस कर रही पूछताछ
-घटनास्थल का डीएसपी ने लिया जायजा
रक्सौल। हरैया थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा रोड स्थित आइसीपी बाइपास के पास स्थित एक मकान से एक युवती का शव बरामद किया गया है। घटना गुरूवार की देर रात की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची हरैया थाना पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जबकि घटनास्थल का डीएसपी मनीष आनंद ने लिया जायजा लेने पहुंचे। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि मृतका की पहचान दिनेश साह की पुत्री 18 वर्षीय साक्षी कुमारी के रूप में की गई है। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान है। शव के पास से एक चाकू बरामद किया गया है। हालांकि, शरीर पर चाकू से वार के कोई निशान नहीं मिले है।
घर के जिस कमरे से युवती का शव बरामद किया गया, वहां अलमारी और पेटी भी तोड़ा गया है। परिजनों ने लूट के बाद हत्या का आरोप लगाया है। जहां हादसा हुआ है, वहां एक किराना की दुकान मृतका के पिता के द्वारा संचालित किया जाता है। परिजनों ने बताया कि घटना के वक्त साक्षी अकेली थी।
हालांकि, परिजनों के द्वारा पुलिस को बताये गये लूट और हत्या की कहानी पर संदेहास्पद प्रतीत होता है। फलस्वरूप पुलिस युवती के पिता दिनेश साह और भाई मोहित कुमार उर्फ सूरज कुमार को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है। युवती के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान कर रही है।

