दीपउ मोड़ पर अवैध कट बंद होने पर अंडरपास पर महाजाम, कराह रही जनता
-विधायक के सदन में सवाल पर बोले मंत्री फ्लाई ओवर निर्माण तकनीकी रूप से असंभव
– सांसद पर टिकी जनता की निगाहें, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
कोटवा। एनएच-27 के दीपउ मोड़ पर अवैध कट के बंद होने के बाद अवैध रूप से कट पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर विराम लग गया है, वहीं कोटवा-बझिया रोड के सामने बने अंडरपास पर प्रतिदिन भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। अंडरपास के समीप वाहनों का दबाव बढ़ने से कोटवा बाजार और मुख्य चौक पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपउ मोड़ पर अवैध कट बंद होने के बाद अधिकांश छोटे-बड़े वाहन अंडरपास का ही उपयोग कर रहे हैं। सड़क संकरी होने और वाहनों की संख्या अधिक रहने के कारण सुबह और शाम के समय हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को खासा दिक्कत झेलनी पड़ती है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है और मरीज की जान सासत में आ जाती है। मुद्दे को स्थानीय विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने बिहार विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से जब उठाया तो पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि दीपउ कट पर फ्लाईओवर का निर्माण तकनीकी रूप से संभव नहीं है।
सरकारी जवाब के बाद फिलहाल ओवरब्रिज निर्माण की संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में लोगों की उम्मीद अब दिल्ली की सदन पर है। लोगो का मानना है कि सांसद पहल करे तो इस समस्या का समाधान काफी हद तक संभव है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने मसलन यातायात पुलिस की तैनाती, डिवाइडर या बार्केडिंग बनाने आदि की मांग की है।

