महाशिवरात्रि एवं त्रिमूर्ति शिव जयंती पर ध्वजारोहण व परिक्रमा
– महाप्रसाद वितरण के साथ महोत्सव संपन्न
रक्सौल। नागा रोड स्थित प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि के उप सेवा केन्द्र में महाशिवरात्रि एवं 90 वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती के पावन अवसर पर शिव अवतरण आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। तत्पश्चात् नगर भ्रमण निकाला गया, जिसमें शिवभक्ति के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में बीरगंज (नेपाल) शाखा की प्रमुख रवीना दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपनी ओजस्वी, ललित एवं रसमयी अमृतवाणी के माध्यम से शिव अवतरण के दिव्य रहस्यों तथा आध्यात्मिक सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में बी.के. आकाश भ्राता, भरत प्रसाद गुप्त, रजनीश प्रियदर्शी, अरुण कुमार गुप्ता, अरविंद जायसवाल, अमरदीप गुप्ता, प्रीति सर्राफ सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।

