धान की फसल कटनी प्रयोग,बीडीओ व बीएओ ने काटा धान
संग्रामपुर। प्रखंड क्षेत्र में धान की उपज का सही आंकलन के उद्देश्य से दक्षिणी बरियारिया पंचायत में किसान महेंद्र ठाकुर के खेत में फसल कटनी प्रयोग किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विक्रम राज सहित कृषि विभाग के कर्मी मौजूद रहे।
कृषि विभाग की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत रैंडम नंबर से चयनित 10×5 मीटर के प्लॉट में धान की फसल की कटनी कराई। धान कटनी की शरुआत बीडीओ के धान की फसल को काट कर शुरू किया। कटनी के बाद फसल का वजन करने पर लगभग 25 किलोग्राम ग्रीन वेट धान प्राप्त हुआ।
इस मौके पर बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि फसल कटनी प्रयोग के आधार पर धान की औसत उपज का आकलन किया जाता है। इसी आकलन और प्राप्त आंकड़ों के आधार पर किसानों को फसल बीमा एवं फसल सहायता योजना का लाभ देने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि फसल कटनी प्रयोग कृषि विभाग की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे किसानों की उपज का वास्तविक आकलन किया जाता है।

