मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएमसीएच के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएमसीएच के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया
Facebook WhatsApp

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवनिर्मित आपातकालीन भवन (फेज-1) के प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन, पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ० राजीव कुमार सिंह समेत अन्य वरीय अधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े चिकित्सकगण उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रेडियोलॉजी विभाग में विश्वस्तरीय सीटी स्कैन, एमआरआई मशीनों के अलावा हर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। नवनिर्मित आपातकालीन भवन के पांचवे तल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शिशु विभाग में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एनआईसीयू वार्ड, नर्स स्टेशन, स्वच्छ एवं मलिन वस्त्र भंडार आदि का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रांगण में चल रहे पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुनर्विकास कार्य के तहत पीएमसीएच को 5462 बेड की क्षमता के रूप में विस्तार कर कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है, जहां मरीजों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के अंदर कार्य पूर्ण कराएं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए काम को पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ ही यहां चिकित्सकों के आवासन की सुविधा भी सुनिश्चित कराएं, यहां आनेवाले मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, उन्हें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा और ससमय इलाज मिल सके इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमसीएच में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ के लिए जो आवासन की व्यवस्था की जाएगी, उसका निर्माण भी बेहतर ढंग से एवं तेजी से पूर्ण कराएं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page