कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की कथा को लेकर प्रशासन सतर्क
-एसडीएम व एसडीपीओ ने कार्यक्रम स्थल रक्सौल एयरपोर्ट परिसर का किया निरीक्षण
रक्सौल। आगामी 5 फरवरी से 11 फरवरी तक रक्सौल में आयोजित होने वाली सुप्रसिद्ध कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य जी की कथा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने रक्सौल हवाई अड्डा (एयरपोर्ट) परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कथा आयोजन में देश-विदेश, विशेषकर भारत एवं नेपाल से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। अधिकारियों ने चौक-चौराहों से लेकर प्रमुख मार्गों तक सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक, कड़ी और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और पुलिस बल की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित वातावरण में कथा का आनंद ले सकें, इसके लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे।

