कोइरियाटोला नहर चौक पर पेड़ पर चढ़ा अजगर, लोगों में मचा हड़कंप
मोतिहारी/रक्सौल शहर के बीचोंबीच स्थित कोइरियाटोला नहर चौक मंगलवार को उस समय सनसनी का केंद्र बन गया जब एक विशालकाय अजगर को पेड़ पर लिपटा देखा गया। स्थानीय लोगों की नजर जब उस अजगर पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, लोग अजगर को देखने और उसका वीडियो बनाने में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह अजगर संभवतः नहर के तेज बहाव में बहकर वाल्मीकि नगर के जंगलों से यहां तक पहुंचा। बताया जा रहा है कि नहर में हाल के दिनों में जलस्तर अधिक है, जिससे जंगली जीवों के बहकर दूर-दराज तक पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं। नहर के किनारे लगे पेड़ पर अजगर चढ़ गया था, जिससे लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद (नप) प्रशासन मौके पर पहुंचा। अजगर को सुरक्षित उतारने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। मगर, रेस्क्यू की कोशिशों के बीच अजगर अचानक पेड़ से छलांग लगाकर नहर में कूद गया और बहते हुए नगर मार्ग की ओर निकल गया।
अजगर की नहर मार्ग से भागने के बाद नगर प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि, जीव की मौजूदगी से लोगों में अब भी डर बना हुआ है। नप प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहर व आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और किसी भी जंगली जानवर की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।
इस अप्रत्याशित घटना ने एक बार फिर शहरी इलाकों में वन्यजीवों की उपस्थिति और पर्यावरण असंतुलन की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

