दीपावली पर्व पर पूर्वी चंपारण जिले में कई आशियाने जलकर राख, लाखों के नुकसान
मोतिहारी। दीपावली पर्व पर आग ने पूर्वी चंपारण जिले के कई घरों पर कहर बरपाया है। पटाखे की चिंगारी एवं बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में जिले के अलग-अलग बस्तियों के कई आशियाने जलकर राख हो गए। शहर के राजा बाजार बलुआ पर भी फुटपाथी कुछ दुकानों के प्लास्टिक जल गए।
–बनकटवा क्षेत्र के कुदरकट गांव के वार्ड संख्या 08 में दीपावली की रात करीब आठ बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से सुनील राम के घर में अचानक भीषण आग लग गई। दीपावली का त्योहार मना रहे परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में पलंग, टीवी, पंखा, कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के संबंध में अंचलअधिकारी अजय कुमार ने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिलने के बाद आपदा विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है। संबंधित कर्मचारियों से भी घटना की रिपोर्ट मांगी गई है तथा घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की सहायता दिए जाने का प्रावधान है।

–संग्रामपुर के भटकरजा गांव में अगलगी, तीन लाख की संपत्ति जलकर राख
संग्रामपुर। प्रखंड क्षेत्र के भटवलिया पंचायत अंतर्गत वार्ड वार्ड -5 भटकरजा गांव में रविवार की देर संध्या अचानक आग लगने से एक घर में रखी एक होंडा कम्पनी की बाइक, 30 हजार रुपये नकद, दो साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निपीड़ित रामबालक कुमार रवि ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, कपड़ा, बिछावन सहित अन्य जरूरी सामान भी जल गया। इस अगलगी में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। वहीं, भटवलिया पंचायत के मुखिया गुड़िया कुमारी के प्रतिनिधि अजय कुमार गिरी ने सरकार एवं प्रशासन से अग्निपीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत उचित सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को इस कठिन परिस्थिति में राहत मिल सके।
–सुगौली में शार्ट सर्किट की चिंगारी से दो भाइयों का आशियाने जलकर राख
सुगौली: प्रखंड के सुकुल पाकड़ पंचायत अंतर्गत कचहरियां टोला स्थित वार्ड संख्या-12 में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में दो भाइयों का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में सुरेंद्र पंडित और उमेश पंडित के परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।बताया जाता है कि घटना के समय परिवार के सदस्य किचन रूम में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक बिजली की शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे मकान में फैल गईं। परिजनों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया,लेकिन आग की भयावहता के सामने उनकी एक न चली। अग्निकांड में घर में रखे नकद रुपये, फ्रिज, अलमारी, सूटकेस,गैस चूल्हा,अनाज,कपड़े और अन्य कीमती घरेलू सामान जलकर राख हो गए। एक ही मकान में दोनों भाइयों का सामान रखा हुआ था, जिससे दोनों परिवारों को भारी क्षति हुई है। घटना की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची,लेकिन तब तक सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कराकर उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने कराकरहार लगाई है।

कल्याणपुर के वृति टोला में पांच घर जलकर राख, लाखों का नुकसान
कल्याणपुर :-प्रखंड क्षेत्र की राजपुर पंचायत स्थित वृतीटोला में बीती रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लगने से पाँच परिवार का घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गृहस्वामियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।इस भीषण अग्निकाण्ड में लक्ष्मण पासवान, चुलाई पासवान, श्री पासवान, परमा पासवान और केदार पासवान के घर पूरी जलकर राख हो गए। इन सब परिवारों के घरों में रखे कपड़े, कीमती गहने, अनाज, साइकिल, बर्तन और पलंग समेत लगभग 1 लाख रुपये नकद भी जलकर स्वाहा हो गए। इस अग्निकांड में पीड़ितों को लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गया ।घटना के समय आग की विकराल लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता के बाद आग पर काबू पाया गया । जिससे आस पास के अन्य घर इसकी चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद से अग्निपीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। इस अग्निकाण्ड की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी आदर्श गौतम ने बताया कि अग्निकांड की पूरी घटना का जायजा लिया जा रहा है। क्षति का आंकलन करने के लिए जले हुए घरों की जांच कराई जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होते ही प्रभावित परिवारों को सरकार द्वारा मिलने वाली नियमानुसार सहायता राशि और आपदा राहत सुविधा मुहैया करा दी जाएगी।

