रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पदाधिकारियों का किया मनोनयन
-आलोक कुमार श्रीवास्तव बने कार्यकारी अध्यक्ष
रक्सौल। चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नियमित बैठक में संगठन के सामाजिक एवं व्यापारिक हितों से जुड़े कार्यों की छमाही समीक्षा की गई।
इस दौरान सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। बैठक में पूर्व महासचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव को कार्यकारी अध्यक्ष, अजय कुमार को सह कोषाध्यक्ष एवं कृष्णा साह को कार्यक्रम परियोजना सह संयोजक पद पर मनोनीत किया गया। महासचिव सह मीडिया प्रभारी शंभू प्रसाद चौरसिया ने बताया कि चैंबर द्वारा अब तक किए गए सामाजिक एवं व्यापारिक कार्यों की गहन समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से समर्थन दिया।
अध्यक्ष राकेश कुमार कुशवाहा एवं महासचिव शंभू प्रसाद चौरसिया ने संयुक्त रूप से नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष और महासचिव ने कहा कि अनुभवी, सक्रिय और ऊर्जावान पदाधिकारियों मनोनयन से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वे रक्सौल चैम्बर को राजकीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त पहचान दिलाने के लिए कार्य करेंगे तथा सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन कुमार, उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार शाह आदि मौजूद थे।

