सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस ने पंचायतो में किया फ्लैग मार्च
हरसिद्धि।सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने को लेकर हरसिद्धि थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा, इसी क्रम में गुरुवार को हरसिद्धि पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र की उन्नीस पंचायतों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया,फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च हरसिद्धि थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलशन कुमार के नेतृत्व में निकाला गया, इसमें बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे,पुलिस बल क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से सायरन बजाते हुए गुजरा,इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जबकि लगातार गश्त भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि पूजा समिति के सदस्यों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। डीजे, अश्लील गानों और निर्धारित समय सीमा के उल्लंघन पर विशेष नजर रखी जाएगी, प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

