डीजीपी के आदेश के आलोक में साइबर डीएसपी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
-एसपी के निर्देश पर जिले भर के थानों में दर्ज साइबर मामलों के पर्यवेक्षी पदाधिकारी होगें साइबर डीएसपी
मोतिहारी। डीएसपी साइबर को साइबर अपराध से जुड़े एवं सोशल मीडिया पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय बिहार से जारी निर्देश के आलोक में निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी थानों में साइबर अपराध से जुड़े मामलों के पर्यवेक्षक पदाधिकारी अब साइबर डीएसपी होंगे।
इसके लिए सभी थानाध्यक्ष साइबर अपराध से जुड़े मामलों की तत्काल जानकारी साइबर डीएसपी को देंगे। पुलिस कप्तान के अधीन रहते हुए उन्हें तकनीकी सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके अलावा डायल 1990, नेशनल हेल्पलाइन साइबर रिर्पोटिंग पोर्टल पर आने वाले अपने क्षेत्र के मामलों को साइबर डीएसपी देखेंगे और त्वरित निष्पादित करने की दिशा में काम करेंगे।
साइबर सुरक्षा को लेकर भी कई जरूरी नियम जारी किए गए हैं, जिसकी निगरानी साइबर डीएसपी के जिम्मे होगी। जाहिर है कि डीजीपी विनय कुमार के उक्त आदेश से साइबर अपराध से जुड़े मामलों के निष्पादन और नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा यह आम नागरिक के हित में बेहतर पहल है, जिससे साइबर अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और उद्भेदन भी होगा।

