उर्वरक तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
-सीमाई इलाके में रेंगनिया व अगरवा में तस्करी के लिए भंडारण किए गये भारी मात्रा में उर्वरक बरामद
-आधा दर्जन कारोबारियो के विरूद्ध दर्ज कराई गई प्राथमिकी दर्ज
मोतिहारी/बनकटवा। जिलाधिकारी, के निर्देश के आलोक में सोमवार की रात्रि करीब 8 में बनकटवा प्रखंड अंतर्गत रेगनिया व अगरवा ग्राम में तस्करी के लिए भंडारण किए गये उर्वरक के विरुद्ध की गई छापेमारी में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान मे. आकाश फर्टिलाईजर्स के रेंगनिया गांव स्थित गोदाम में 81 बैग यूरिया, मे. जावेद खाद भंडार रेगनिया के गोदाम में 370 बैग यूरिया, पुरूषोत्तम यादव के मकान में 650 बैग यूरिया, जबकि अरविन्द के मकान में 80 बोरा यूरिया, मदन के मकान में 25 बोरा यूरिया एवं मे. भवानी खाद भंडार के गोदाम में 600 बोरा यूरिया, 100 बोरा एसएसपी एवं 50 बोरा एमओपी को बरामद कर उसे जप्त किया गया।

मामले में जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने जप्त उर्वरक को बीजबनी पूर्वी पैक्स एवं बनकटवा पैक्स के जिम्मे पर सौंप दिया। मामले में उर्वरक निरीक्षक -सह- कृषि समन्वयक संजय कुमार ने जितना थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि उर्वरक की कालाबाजारी एवं तस्करी को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार छापेमारी जारी है। उर्वरक की कालाबाजारी को लेकर विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह से सख्त है।
छापेमारी में दौरान जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राजू कुमार गुप्ता, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राम कुमार पासवान, सहायक कमांडेंट श विजय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार, जितना थाना प्रभारी सुधीर कुमार एवं एसएसबी के कांस्टेबल के साथ पुलिस के जवान शामिल थे।

