टिकैता गोविंदापुर के डीलर ने कालाबाजार में बेचने के लिए रखा था 137 क्विंटल चावल,किया गया जब्त
-एसडीओ के आदेश से जन वितरण प्रणाली दुकानदार पर एमओ ने दर्ज कराया एफआईआर।
कालाबाजारी करने वाले डीलरों में मचा हड़कंप।
-एमओ ने कहा, कालाबाजारी के खिलाफ जारी रहेगा छापेमारी।
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के टिकैता गोविंदापुर के जन वितरण प्रणाली दुकानदार अब्दुल अजीज के गोदाम से कालाबाजार में बेचने के लिए रखी गयी 137.4 क्विंटल सरकारी चावल को जब्त किया गया है।
साथ ही उक्त डीलर के खिलाफ पीपराकोठी के आपूर्ति पदाधिकारी गौरव कुमार ने तुरकौलिया थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराया है। बताया जाता है कि सदर एसडीओ के निर्देशानुसार प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गौरव कुमार उक्त डीलर के यहाँ जाँच करने पहुंचे। जहाँ स्टॉक रजिस्टर, पॉस मशीन का स्टॉक व गोदाम में रखे खाद्यान का मिलान किया। जाँच के दौरान पाया कि पॉस मशीन के स्टॉक से 137.40 क्विंटल सरकारी चावल गोदाम में ज्यादा था। वही 3.21 क्विंटल गेहूं स्टॉक से कम पाया गया। गोदाम में प्लास्टिक के 16 बोरा में हाथ से सिलाई किये हुए सरकारी चावल पाया गया।
डीलर के उक्त गोदाम से प्लास्टिक के 250 बोरा खाली मिला। एमओ श्री गौरव ने बताया कि कालाबाजार में खाद्यान बेचने के लिए उक्त जन वितरण प्रणाली दुकानदार चावल का संग्रह किया था। जो खाली प्लास्टिक के बोरा में पैक कर कालाबाजार में बेचने की तैयारी कर रहा था।
एमओ ने बताया कि गोदाम से मिली खाद्यान को जप्त कर बगल के जन वितरण प्रणाली विक्रेता अमानुल्लाह को जिम्मेनामा पर दिया गया है। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि मामले में डीलर के खिलाफ 7 एसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस करवाई से कालाबाजारी करने वाले डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है।

