बोलेरो ने बाइक को मारी ठोकर,बच्ची की मौत,तीन घायल
बंजरिया।थाना क्षेत्र के सिघिया सागर स्थित न्यू बाईपास रोड पर शनिवार को एक लापरवाह बोलेरो चालक ने पीछे से एक बाइक में ठोकर मार दी जिससे उस पर सवार पति-पत्नी व साढू गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि गोद में सवार एक नन्ही बच्ची पल्लवी (3 वर्ष) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी तथा घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वही पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया जबकि चालक फरार बताया जाता है।
घायलों में पति-पत्नी क्रमशः बीरेन्द्र कुमार व प्रियंका देवी शामिल हैं जो कि सुगौली थाना क्षेत्र के सुगौली के रहने वाले हैं जबकि उनका साढू दिलीप कुमार जो कि पीपरा थाना क्षेत्र के टिकुलिया का रहने वाला है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए एनएच को जाम कर दिया जिसे पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर कर जाम समाप्त कराया तथा आवागमन सुचारू कराया।
घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि बाइक व बोलेरो दोनों एक ही दिशा से आ रहे थे जो कि सुगौली की ओर जा रहे थे कि उक्त घटना घट गई। पुलिस बोलेरो को जप्त कर उसके मालिक का पता लगाने हेतु अग्रेतर कार्रवाई में जूट गई है।

