ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा और तार छात्राओं पर गिरा, एक की मौत

ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा और तार छात्राओं पर गिरा, एक की मौत
Facebook WhatsApp

मुजफ्फरपुर।जिले के सरैया थाना क्षेत्र में एक अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बिजली का तार टूट गया और स्कूल जा रही छात्राओं पर जा गिरा।इस दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना सरैया इलाके के बहिलवारा रूपनाथ दक्षिणी पंचायत के शंकर टोला के पास सुबह के वक्त हुई। यह क्षेत्र मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले की सीमा पर स्थित है। रोज़ की तरह गांव की करीब आधा दर्जन छात्राएं स्कूल जाने के लिए सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान, एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात ट्रक सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभे का बिजली का तार टूटकर सीधे छात्राओं के ऊपर गिर पड़ा।

करंट की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में बच्चियों को संभाला। हादसे में सुबोध पासवान की पुत्री विंध्यांचली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रितिका कुमारी, अंशु कुमारी और दिव्या कुमारी आंशिक रूप से झुलस गईं और घायल हो गईं। घायलों को तुरंत सरैया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मृतक छात्रा के घर और पूरे गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में गमगीन माहौल और चीख-पुकार मची हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय सरैया थाना पुलिस के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण वैशाली जिले के बेलसर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। सरैया थानेदार सुभाष मुखिया ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page