10 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार ट्रांसफर
पटना।बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शुक्रवार को 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर किया गया। पटना के एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम शामिल होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डीबीटी के जरिए 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास श्रवण कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले वाली सरकार में कुछ हुआ था जी, याद करिए न कुछ नहीं किया, जो काम शुरू किया हम लोगों ने किया और तो आगे भी किसी को नहीं छोड़ने वाले हैं, सबके लिए काम करेंगे, समूचा बिहार आगे बढ़ रहा है, केंद्र सरकार का भी काफी सहयोग मिल रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंस से अलग-अलग जिलों से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आप
जानते हैं कि इस बार बिहार के लोगों ने विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से एनडीए को जिताया है, हम लोगों को अगले 5 वर्षों तक बिहार की सेवा करने का मौका दिया है, में इसके लिए आप सभी महिलाओं के साथ-साथ बिहार के सभी लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि अभी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अपनी पसंद का रोजगार करने के लिए 10 लाख महिलाओं को 10-10 हजार की सहायता राशि भेजी जा रही है। इससे पहले 1 करोड़ 46 लाख महिलाओं को ये राशि दी जा चुकी है, अब 10 लाख और महिलाओं को यह सहायता दी जा रही है, यानी कुल मिलाकर 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को इसका फायदा मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से काफी संख्या में महिलाओं ने अपनी पसंद का रोजगार शुरू किया है, जो महिलाएं अपना रोजगार अच्छे से करेंगी उन्हें आगे 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बाद जिस परिवार की महिलाएं बची हैं, उनको भी अगले महीने तक सहायता राशि दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले से तो सब काम महिलाओं के लिए किया ही गया है, महिलाओं को 50 फीसदी तक आरक्षण देने का काम हम लोगों ने शुरू किया, बिहार पुलिस में 35 फीसदी आरक्षण शुरू किया गया, हम लोगों ने शुरू से महिलाओं को आगे बढ़ाने का उपाय किया है, आगे हम लोग और करेंगे, छोड़ेंगे नहीं।

