आपदा पूर्व चेतावनी दल एक महत्वपूर्ण माध्यम: एडीएम
– आपदा प्रबंधन प्राधिकार एवं विभिन्न संस्थाआों के सहयोग से प्रशिक्षण
मोतिहारी। आपदा से बचाव एवं आपदा जोखिम में कमी के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर पूर्व चेतावनी एवं सूचना दल की महती भूमिका है। यदि यह दल सक्रिय होकर समय पर सटीक सूचना एकत्रित कर प्रभावित समुदाय तक चेतावनी पहुंचाए, तो आपदा के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। ये बातें प्रभारी आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बुधवार को सदर प्रखंड के बरदाहा पंचायत भवन में आयोजित पूर्व चेतावनी एवं सूचना दल के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन) एवं सेलस्फोर्स के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय को सक्षम बनाना है, ताकि आपदा की स्थिति में वे वृद्ध, बीमार, दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने में सहायक बन सकें। बाल रक्षा पटना के असीम कुमार मंडल ने बताया कि प्रशिक्षण में पूर्व चेतावनी एवं सूचना दल के सदस्यों को उनके कार्य एवं दायित्वों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षक विजय उपाध्याय एवं मंकेश्वर पांडेय ने विस्तृत जानकारी प्रदान दी।
प्रशिक्षण में बाल रक्षा भारत के हामिद रजा ने पूर्व चेतावनी एवं सूचना दल की भूमिका, जिम्मेदारी एवं सामुदायिक कार्रवाई को विस्तार से समझाया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन शाखा से ई. गोविंद शाही, सत्य प्रकाश तथा बरदाहा एवं सरैया गांव एवं विद्यालयों के पूर्व चेतावनी एवं सूचना दल के सभी सदस्य उपस्थित थे।

