सुगौली के प्रशांत ने बेहतरीन प्रदर्शन कर बढाया क्षेत्र का गौरव
पूर्वी चंपारण।लखीसराय जिले में 18 से 21 नवंबर 2025 तक आयोजित अंडर-19 बालक स्कूली राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में तिरहुत प्रमंडल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को 43–50 के अंतर से हराकर कप पर कब्जा किया। इस ऐतिहासिक जीत में पूर्वी चंपारण जिले सुगौली नगर के बंगरा निवासी प्रशांत कुमार की भूमिका निर्णायक रही। प्रशांत ने रेडर के रूप में पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और कई अहम अंक जुटाकर टीम को जीत की राह दिखाई। उनके प्रदर्शन से न केवल तिरहुत प्रमंडल को मजबूती मिली, बल्कि सुगौली का नाम भी पूरे राज्य में रोशन हुआ।टीम की इस सफलता पर रुस्तम आलम ने पूरी टीम को बधाई देते हुए प्रशांत की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खेल से मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की मजबूती मिलती है। आज बिहार सरकार भी खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्त्वपूर्ण कदम उठा रही है। राज्य में खिलाड़ियों के लिए अलग से आरक्षण कोटा उपलब्ध है, जिसके माध्यम से हर साल योग्य खिलाड़ियों की नियुक्ति हो रही है। इससे युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ रहा है।

वही प्रशांत की सफलता पर पूरे सुगौली में खुशी की लहर है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और समाजसेवी विधायक बबलू गुप्ता, पूर्व विधायक शशि सिंह, नगर अध्यक्ष नाशरीन अली, उपाध्यक्ष सरिता देवी, समाजसेवी प्रदीप सर्राफ, रामगोपाल खंडेलवाल, श्याम शर्मा, आरिफ इक़बाल, इर्शादुल्लाह, डॉ. पवन कुमार, डॉ. श्रवण कुमार, हरिओम कुमार, रितेश कुमार व ऋषु कुमार सहित अनेक लोगों ने प्रशांत को बधाई दी है। उनकी इस उपलब्धि ने सुगौली के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है।

