छोटे भाई ने चाकू मार कर बड़े भाई की ली जान
पूर्वी चंपारण। जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतौना गांव में गुरूवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। मृतक की पहचान गगन साह, पिता महेंद्र साह निवासी बेतौना के रूप में हुई है। वहीं हत्या करने वाला उसका छोटा भाई सकल साह बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच घरेलू विवाद को लेकर बहस हुई थी, जो देखते-देखते मारपीट और फिर जानलेवा हमले में बदल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन, थानाध्यक्ष बबन कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।साथ ही मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह जल्द ही सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बेतौना गांव में इस घटना के बाद लोगों में भय और गम का माहौल बना हुआ है।

