बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन रैली को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
मोतिहारी। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन एवं आमजन में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य प्रभात फेरी एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का शुभारंभ जिलाधिकारी, सौरभ सुमन यादव ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रभातफेरी समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर कचहरी गोलंबर होते हुए राजबाजार तक निकाली गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के माध्यम से समाज में बाल विवाह के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम,जिला परियोजना प्रबंधक, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन के सभी कर्मी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम प्रबंध निदेशक, महिला एवं बाल विकास निगम, पटना के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास निगम एवं स्वयं सेवी संस्था ग्राम नियोजन, प्रयास के सहयोग से आयोजित किया गया था। प्रभातफेरी के सफल आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता निभाई।

