जिलाधिकारी ने जनता दरबार में आवेदनकर्ताओं की सुनी समस्या, समाधान के दिए निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे सभी अंचल अधिकारी
मोतिहारी। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में आयोजित कार्यक्रम जनता के दरबार में जिला प्रशासन में जिले के विभिन्न अंचलों से आए कुल 40 आवेदनकर्ता आये थे।
आवेदनकर्ताओं को सम्मान के साथ बैठाया गया था। डीएम सौरभ सुमन यादव एक एक कर सभी लोगों से मिले और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और इस संबंध में संबंधित पदाधिकारी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वार्ता कर समस्या के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
इसी क्रम में तुरकौलिया प्रखंड की रजिया खातून ने बताया कि सरकारी गैर मजरूवा जमीन का निर्गत पर्चा उन्हें प्राप्त है, परंतु उस पर दखल कब्जा नहीं है। विपक्षी पर्चा रद्द कराने की धमकी दे रहा है। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी तुरकौलिया को स्पष्ट निर्देश दिया कि केवल पर्चा निर्गत हो जाने मात्र से ही दखल कब्जा नहीं होता है। आवेदन की जांच कर संबंधित को दखल कब्जा कराते हुए इसका प्रतिवेदन जिला को उपलब्ध कराएं।
पकड़ीदयाल अनुमंडल अंतर्गत राजेपुर थाना की ईसरी देवी ने बताया कि उनके पाट्टीदार उनके खतियानी जमीन को जबरन बेंच रहा है। नतीजतन जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी पकड़ीदयाल को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
केसरिया अंचल के फूलतकिया ग्राम की सीमा कुमारी ने बताया कि उनके पास जमीन नहीं है, प्रधानमंत्री आवास के लिए वास भूमि का पर्चा दिलाने की। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी केसरिया को शीघ्र अग्रेत्तर कार्रवाई निर्देश दिया।
छौड़दानो प्रखंड के हीरमणि ग्राम के वासुदेव महतो ने बताया कि उनके घर में स्मार्ट मीटर लगा हुआ है, लेकिन घर से बिजली पोल की दूरी अधिक होने के कारण तार खींचकर घर में बिजली दी गई है। जिसमें कभी भी दुर्घटना की संभावना है। फलस्वरूप एक और बिजली का पोल लगाने की मांग की।आवेदन को कार्यपालक अभियंता विद्युत को जरूरी निर्देश के साथ भेजा गया।
रामगढ़वा अंचल के सिहासिनी ग्राम के ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि उनके जमाबंदी को ऑनलाइन कर दिया जाए ताकि उसकी लगान ऑनलाइन जमा किया जा सके। लिहाजा अंचल अधिकारी रामगढ़वा को निर्देश दिया गया। आदापुर प्रखंड से आई मुस्कान लक्की ने बताया कि उनका आधार कार्ड सस्पेंड हो गया है, जिसके लिए जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता है।
बताया कि वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंझरिया में नवीं वर्ग की छात्रा है। इस पर जिलाधिकारी के द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी आदापुर को अग्रेत्तर कार्रवाई का निर्देश दिया। सदर अंचल की नकछेद टोला वार्ड नंबर 17 की संजीदा खातून ने बताया कि फर्जी एवं जाली कागजात के आधार पर उनके पुश्तैनी जमीन की अवैध बिक्री कर तथा दाखिल खारिज करा लिया गया है।
इसकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचल अधिकारी सदर को कल शनिवार को ही दोनों पक्षों की जांच कर अग्रेत्तर कार्रवाई का निर्देश दिया। भूमि विवाद से संबंधित अन्य मामलों पर सीधे अंचल अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए।
तपश्चात मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज जो आवेदन प्राप्त हुए हैं, उस पर संबंधित पदाधिकारी के स्तर से कारवाई कराते हुए समस्या का विधिसम्मत शीघ्र निदान के लिए जिला जन शिकायत के माध्यम से भेजा जाएगा। कार्रवाई की सूचना आवेदक के मोबाइल नंबर पर देने का भी निर्देश दिये। जनता के दरबार में एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती, एडीएम विभागीय जांच मो. सिबगतुल्लाह, प्रभारी पदाधिकारी जिला जन शिकायत कोषांग अभिराम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

