12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत,सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार प्रभारी का निर्देश
मोतिहारी। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 दिसम्बर 2026 के सफल आयोजन को लेकर सचिव व प्रभारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में वन पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, प्रभारी नीलाम पदाधिकारी, माप-तौल पदाधिकारी, सहायक परिवहन पदाधिकारी एवं श्रम पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सचिव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित माइनर एक्ट के वादों को चिन्हित कर शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जा सके।
उन्होने यह भी निर्देश दिया कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित वादों की सूची तैयार करें एवं समय से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करें, जिससे लोक अदालत का उद्देश्य सुलभ, त्वरित एवं सस्ता न्याय सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।
वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा कराएं।

