सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
सुगौली। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रीपुर गोपालपुर निवासी नारायण शर्मा के पुत्र खुशीलाल शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शव से लिपटकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। परिवार के सदस्यों को बिलखता देख वहां मौजूद ग्रामीण उन्हें संभालने और सांत्वना देने में जुटे रहे। बताया जाता है कि खुशीलाल शर्मा हरसिद्धि जाने के दौरान बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
हादसे के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस दुखद घटना पर मुखिया मीना देवी, मुखिया प्रतिनिधि बुचुन तिवारी, पैक्स अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, संजय ठाकुर, बबलू तिवारी, मोहम्मद जमालुद्दीन, दिलीप शर्मा एवं समाजसेवी भुलाली ठाकुर सहित कई लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी।

