कोटवा में मिशन कायाकल्प की स्थिति चिंताजनक
-विभागीय उदासीनता का शिकार हो रही योजना
-प्रखंड क्षेत्र के 133 विधालयों का होना है कायाकल्प
कोटवा। मिशन ‘ कायाकल्प ‘ की प्रखंड में स्थिति संतोषजनक नहीं है। प्रशासनिक निगरानी और गति देने के लगातार प्रयासों के बावजूद यह मिशन कोटवा में पिछड़ता दिख रहा है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव द्वारा नवंबर 2026 में लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से अभियान की समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग को तय समय सीमा के भीतर निर्माण व मरम्मत कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है। बावजूद इसके यह योजना विभागीय उदासीनता का शिकार बन रही है। समय सीमा 25 से 30 नवंबर तक तय है और इस मिशन की प्रखंड में मौजूदा गति बता रही है कि यह योजना हाशिए पर है। जानकारी के मुताबिक अधिकतर विधालयों में कायाकल्प का काम प्रारंभ भी नहीं हुआ है ऐसे में समयावधि में काम पूरा हो जाये यह संभव प्रतीत नहीं हो रहा है।
जाहिर है इसे सीधे तौर पर विभागीय उदासीनता का परिणाम ही माना जायेगा। ‘ कायाकल्प ‘ के तहत होने वाले प्रमुख कार्य में , विद्यालयों को आदर्श विद्यालय बनाने के लिए बुनियादी सुविधाओं पर काम करना शामिल है। जिसमें भवन मरम्मत और सौंदर्यीकरण। कक्षाओं का फर्श सहित खिड़की-दरवाजों की मरम्मत, चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण और पूरे परिसर का रंग-रोगन कराना महत्वपूर्ण है।इसके अलावे स्वच्छता के साथ ही पेयजल की व्यवस्था , छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग क्रियाशील शौचालय, हैंडवाशिंग यूनिट और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
आधुनिक शैक्षणिक माहौल भी इस योजना में प्रमुख है। कक्षाओं में बिजली और पंखे की व्यवस्था, पर्याप्त फर्नीचर, स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं का विकास शामिल है। जाहिर है प्रखंड क्षेत्र के 133 विद्यालयों का कायाकल्प किया जाना है।
प्रखंड मुख्यालय में स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बड़हरवा कोटवा , सियावर शरण राजकीय उच्च विद्यालय अमवा डुमरा, हेमंत छपरा सरीखे अधिकतर विद्यालयों में कार्य प्रारंभ तक नहीं हुआ है, ऐसे में एक सप्ताह के अंदर कार्य पूर्ण करने का दावा कागजी ही लग रहा है। इस संबंध में बीइओ आनंद मोहन बिहारी ने बताया कि कुछ विद्यालय में कार्य प्रारंभ हो गया है। उनका कहना है कि समय अवधि में कायाकल्प का कार्य पूरा कर लिया जायेगा।

