कार्तिक पूर्णिमा की रात मना सामा-चकेवा पर्व, घर-आंगन में गूंजते रहे लोकगीत

कार्तिक पूर्णिमा की रात मना सामा-चकेवा पर्व, घर-आंगन में गूंजते रहे लोकगीत
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के लोक संस्कृति, भाई-बहन के अटूट प्रेम तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व मंगलवार की रात कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।पर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर तैयारियां चल रही हैं। महिलाएं और युवतियां मिट्टी से सामा, चकेवा, चुगला, वृंदावन, चिरौंता, टिहुली, हंस सहित विभिन्न आकृतियों की प्रतिमाएं बनाकर पर्व की तैयारी में जुटी हैं।

सामा-चकेवा पर्व छठ के बाद से शुरू होकर कार्तिक पूर्णिमा तक मनाया जाता है। इस दौरान महिलाएं शाम के समय समूह में एकत्र होकर मिट्टी की प्रतिमाओं को सजाती हैं और पारंपरिक लोकगीत गाती हैं। गीतों के माध्यम से भाई-बहन के प्रेम, पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक जीवन और लोक परंपराओं को जीवंत किया जाता है। गांवों के आंगन में सामा-चकेवा के गीतों की गूंज से उत्सवी माहौल बना हुआ है।

भाई की दीर्घायु की कामना से जुड़ी है परंपरा

लोक मान्यता के अनुसार, सामा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री थीं। उन पर लगाए गए झूठे आरोप के कारण भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें पक्षी बनने का शाप दे दिया था। सामा के पति चकेवा भी उनके साथ पक्षी रूप में रहने लगे। बाद में सामा के भाई ने तपस्या कर उन्हें शाप से मुक्त कराया। इसी मान्यता के आधार पर बहनें अपने भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए सामा-चकेवा पर्व मनाती हैं।

पर्व के दौरान महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए सामा-चकेवा की पूजा और खेल की रस्में निभाती हैं। लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के गीत भी इस पर्व की रौनक बढ़ाते हैं। ‘सामा खेले गेली…’, ‘चुगला करे चुगली…’ जैसे गीत गांवों में लोक संस्कृति की मिठास घोल रहे हैं।

कार्तिक पूर्णिमा की रात सामा-चकेवा की प्रतिमाओं को पारंपरिक विधि से विदाई दी जाती है। इस अवसर पर बहनें भाइयों के साथ विभिन्न रस्में निभाती हैं और उनके सुखी, स्वस्थ तथा दीर्घ जीवन की कामना करती हैं। आधुनिकता के दौर में भी सामा-चकेवा पर्व मिथिला और कोसी की सांस्कृतिक पहचान, पारिवारिक आत्मीयता और लोक परंपराओं को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखने का संदेश दे रहा है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page