पटना के ज्ञान भवन में 26 नवंबर को होगा संविधान गौरव दिवस समारोह,नितिन नवीन करेंगे उद्घाटन

पटना के ज्ञान भवन में 26 नवंबर को होगा संविधान गौरव दिवस समारोह,नितिन नवीन करेंगे उद्घाटन
Facebook WhatsApp

-विपक्ष का संविधान प्रेम राजनीतिक दिखावा और दोहरे मापदंडों की पराकाष्ठा : गुरुप्रकाश पासवान

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संविधान गौरव दिवस राष्ट्रीय टोली के सदस्य गुरुप्रकाश पासवान ने विपक्ष पर संविधान और उसके मूल्यों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का न तो संविधान से और न ही उसके मूल्यों से कभी वास्तविक सरोकार रहा है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल आज संविधान की रक्षा की बात कर रहे हैं, जबकि आपातकाल के दौरान इसी संविधान की आत्मा और प्रस्तावना को कुचलने का काम किया गया था। विपक्ष का संविधान के प्रति प्रेम महज राजनीतिक दिखावा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में गुरुप्रकाश पासवान ने बताया कि 26 नवंबर को पटना के ज्ञान भवन में संविधान गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। समारोह में शिक्षा, विधि, उद्योग, वाणिज्य और खेल सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रबुद्धजन संविधान के आदर्शों, मूल्यों तथा सामाजिक न्याय के संकल्पों पर विचार रखेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संविधान के प्रति सम्मान और गौरव का भाव आज का नहीं है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने संविधान गौरव यात्रा का आयोजन किया था। प्रधानमंत्री बनने के बाद संसद भवन में प्रवेश करते समय उन्होंने संविधान को नमन किया और उसके मार्गदर्शन में काम करने का संकल्प लिया। भाजपा संविधान को राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्र संचालन और सामाजिक समरसता का आधार मानती है।

पासवान ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान लागू होने के समय ही सामाजिक और आर्थिक समानता की आवश्यकता पर जोर दिया था। उनका मानना था कि राजनीतिक समानता के साथ समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को सम्मान एवं अवसर देना भी जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार इसी संकल्प को आगे बढ़ा रही है।

पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने की बात विश्व बैंक की रिपोर्ट में भी सामने आई है। यह सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर बाबा साहेब को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके निधन के बाद लंबे समय तक उन्हें भारत रत्न से वंचित रखा गया और दिल्ली में उनका राष्ट्रीय स्मारक भी नहीं बनाया गया।

इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महू, नागपुर, लंदन, अलीपुर रोड और मुंबई स्थित पंचतीर्थों का विकास कर बाबा साहेब की विरासत को राष्ट्रीय सम्मान दिया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने, नीट में ओबीसी आरक्षण लागू करने और विभिन्न संवैधानिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं में सामाजिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया गया है।

गुरुप्रकाश पासवान ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करने को राष्ट्रीय एकता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब समान नागरिक संहिता के भी पक्षधर थे। आज विभिन्न राज्यों में इस विषय पर विमर्श और क्रियान्वयन शुरू हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में संविधान का इस्तेमाल सत्ता की सुविधा के लिए किया गया, जबकि भाजपा सरकार ने उसके मूल उद्देश्यों को मजबूत करने का काम किया है।

पासवान ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा देशभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में 26 नवंबर को दोपहर दो बजे पटना के ज्ञान भवन में संविधान गौरव दिवस समारोह होगा। दिल्ली से भोपाल और तमिलनाडु तक पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता और उसके कार्यों को जनता के सामने रखेंगे।

उन्होंने कहा कि संविधान किसी राजनीतिक दल या परिवार की निजी संपत्ति नहीं है। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव सहित परिवार आधारित राजनीति करने वाले दलों को यह समझना चाहिए। बिहार की धरती लोकतांत्रिक आंदोलनों की साक्षी रही है। जब भी संविधान और लोकतंत्र पर संकट आया, पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से लोकतांत्रिक चेतना की आवाज बुलंद हुई।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संविधान और सनातन संस्कृति में कोई अंतर्विरोध नहीं है। राम जन्मभूमि का विषय भी संवैधानिक मर्यादाओं और न्यायिक प्रक्रिया के तहत पूरा हुआ है। दोनों ही राष्ट्र निर्माण और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के महत्वपूर्ण पक्ष हैं।

पत्रकार वार्ता में कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री एवं संविधान गौरव दिवस प्रदेश टोली के संयोजक सरोज रंजन पटेल, प्रदेश मंत्री एवं कार्यक्रम की प्रदेश सह संयोजक सुषमा साहू तथा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु उपस्थित थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page