कार्तिक पूर्णिमा पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में लगाई डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में लगाई डुबकी
Facebook WhatsApp

भागलपुर। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को सुल्तानगंज स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा अजगैबीनाथ धाम के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा।

बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य झारखंड और नेपाल से आए लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से दीपदान किया। सोमवार की रात से ही श्रद्धालुओं के जत्थे सुल्तानगंज पहुंचने शुरू हो गए थे।

मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही नमामि गंगे घाट और सीढ़ी घाट पर स्नान के लिए भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा अजगैबीनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना के साथ दीपदान किया। इस दौरान पूरा धाम क्षेत्र और गंगा घाट ‘हर-हर महादेव’ और ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। पंचांग और ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा की तिथि सोमवार रात 11:13 बजे प्रारंभ हुई, जो मंगलवार रात 9:21 बजे तक रहेगी।

मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरि ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान, दान और दीपदान करने से पूरे कार्तिक माह के स्नान के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है और समस्त पापों का नाश होता है। मंदिर के पुरोहित लाल मोरिया पांडा के अनुसार, धार्मिक मान्यताओं में इस दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, वहीं गंगा तट पर दीपदान करने से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है।

वहीं लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी और गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए गोताखोरों व एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया था। साथ ही, मेला क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर यातायात को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page