मुंशी सिंह महाविद्यालय में नशामुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
– युवाओं को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
मोतिहारी। मुंशी सिंह महाविद्यालय, में उत्पाद विभाग, के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से नशामुक्त बिहार अभियान के अंतर्गत युवा जोश के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में मद्यनिषेध विभाग के इंस्पेक्टर इमरान अंसारी ने नशामुक्त बिहार अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि नशे की समस्या से मुक्ति के लिए सामाजिक जागरूकता और युवाओं की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
उत्पाद विभाग की सुश्री निशा भारती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा नशे के प्रभाव से स्वयं को दूर रखने की बात कही। युवावस्था जीवन निर्माण का महत्त्वपूर्ण समय है और इस दौरान सही आदतों एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाना आवश्यक है। ब्रह्माकुमारी संस्था की बीके रिमझिम ने योग एवं आध्यात्मिकता के माध्यम से नशे की लत से छुटकारा पाने के उपायों पर चर्चा की।
नियमित योग, ध्यान और आत्मानुशासन के अभ्यास से व्यक्ति अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत कर सकता है तथा नशे जैसी बुरी आदतों से स्वयं को मुक्त रखने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। वहीं बीके दिवाकर कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को नशामुक्त बिहार की शपथ दिलाई। सभी ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मद्यनिषेध विभाग से ज्योति कुमारी, महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती, हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनोहर कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अवनीश कुमार मिश्र, एन.एस.एस स्वयंसेवक एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती ने किया। उन्होंने नशामुक्त बिहार अभियान को जनआंदोलन बनाने में युवाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को महत्त्वपूर्ण बताया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनोहर कुमार श्रीवास्तव ने किया।

