विद्युत विभाग के सेवा में त्रुटि पर उपभोक्ता आयोग ने 50,000 रुपए प्रतिकर देने का दिया आदेश
मोतिहारी। जिला उपभोक्ता आयोग ने विद्युत कंपनी की सेवा में त्रुटि पाते हुए न केवल यथाशीघ्र परिवादी के समस्या को सुलझाने का आदेश दिया बल्कि शारीरिक मानसिक पीड़ा एवं वाद खर्च के रूप में 50,000 रुपये प्रतिकर देने का आदेश भी दिया।
मामला परिवादी के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हो जाने के कारण परिसर से विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने से संबंधित है। छतौनी थाना के मठिया वार्ड नं.16 निवासी श्रीराम प्रसाद पिता स्व. गरीब महतो ने परिवाद दायर किया था।
जिसमें कहा था कि वे विद्युत कंपनी से विधिवत् अपने व्यवसायिक परिसर में विद्युत कनेक्शन लिया था। उसका व्यवसाय बंद हो गया, इस कारण वे अपने परिसर से विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने को लेकर विभाग को 13 मई 2023 को आवेदन दिया तथा उसी दिन विभाग का कुल बकाया राशि जमा करा दिया। परंतु उसके परिसर से विद्युत कनेक्शन विभाग ने नहीं किया।
परिवादी ने 18 दिसंबर 2024 को सहायक कनीय विद्युत अभियंता एवं कार्यपालक विद्युत अभियंता को वकालतन नोटिस भेजा। बावजूद इसके विभाग ने कोई सुधि नहीं ली। तब परिवादी उपभोक्ता आयोग में अपनी परिवाद दर्ज कराया।
वाद विचारण के दौरान आयोग के अध्यक्ष गिरीश मिश्र व सदस्य संजीव कुमार ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नामजद किए गये विपक्षियों के सेवा में त्रुटि पाते हुए यथाशीघ्र परिवादी के परिसर से विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने व परिवादी को शारीरिक मानसिक पीड़ा एवं वाद खर्च के रूप में 50,000 रूपये प्रतिकर दो माह के भीतर देने का आदेश दिए। आयोग के ऐसे ऐतिहासिक फैसले से विद्युत विभाग के कार्यशैली पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

