प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वैशाली में जनसभा की तैयारी पूरी, 20 लाख वर्गफीट में बना सभा स्थल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वैशाली में जनसभा की तैयारी पूरी, 20 लाख वर्गफीट में बना सभा स्थल
Facebook WhatsApp

-21 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे रुस्तमपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री

– नीतीश सेतु सहित कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

-प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

पटना।बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र (जाफरपट्टी) में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 21 नवंबर को होने वाली जनसभा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सभा स्थल, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के लिए विस्तृत व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान नीतीश सेतु सहित कई परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

बिहार सरकार के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री का 21 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे वैशाली जिले के रुस्तमपुर पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र, जाफरपट्टी में होगा। प्रधानमंत्री के अपराह्न 3:15 बजे जाफरपट्टी से प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।

वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों की लगातार समीक्षा और निगरानी कर रहा है। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, अग्निशमन, बिजली और पार्किंग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास और नीतीश सेतु का उद्घाटन कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास और आधारभूत संरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्य कार्यक्रम स्थल जाफरपट्टी पंचायत में करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल सभा स्थल विकसित किया गया है। यहां भव्य मंच बनाया गया है। संभावित भीड़ को देखते हुए सभा स्थल के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम का सीधा दृश्य उपलब्ध कराने के लिए 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के तहत 32 पेयजल टैंक, 17 बोरिंग और 180 रनिंग वाटर टैप लगाए गए हैं। इसके अलावा दर्शकों के बैठने वाले स्थानों पर 140 वाटर डिस्पेंसर लगाए जाएंगे।

स्वच्छता और जनसुविधा के लिए कुल 540 शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इनमें मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 300 शौचालय हैं, जिनमें 150 पुरुषों और 150 महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त पार्किंग और अन्य स्थानों पर 240 शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 27 मेडिकल कैंप बनाए गए हैं। साथ ही, विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पटना और जहानाबाद से आने वाले वाहनों के लिए गांधी सेतु, पासवान चौक, अंडरपास, एनएच-322, हनुमान चौक, बिदुपुर, चकसिकंदर और बनारसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र एफ तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसकी लंबाई करीब 19 किलोमीटर है।पटना और नालंदा से आने वाले वाहन कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल से बनारसी चौक पहुंचेंगे और वहां से पार्किंग क्षेत्र एफ तक जा सकेंगे। यह दूरी करीब 16 किलोमीटर है।

पटना और सारण से आने वाले वाहनों को जेपी सेतु या गंडक पुल, रामाशीष चौक, महुआ मोड़, महुआ-ताजपुर रोड, हनुमान होटल, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र ई तक भेजा जाएगा। इस मार्ग की लंबाई करीब 34.5 किलोमीटर है।

मुजफ्फरपुर से आने वाले वाहनों के लिए दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पहला मार्ग एनएच-22, महुआ मोड़, हनुमान होटल, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र ई तक जाएगा। इसकी लंबाई करीब 78.5 किलोमीटर है। दूसरा वैकल्पिक मार्ग कांटी, महुआ बाजार, गांधी चौक, कुशहर चौक, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र ई तक पहुंचेगा। इसकी दूरी करीब 51.5 किलोमीटर है।

समस्तीपुर से आने वाले वाहन भी दो मार्गों में से किसी एक का इस्तेमाल कर पार्किंग क्षेत्र ई तक पहुंच सकेंगे। पहला मार्ग ताजपुर-महुआ रोड, एनएच-49, ताजपुर बाईपास, कुशहर चौक, हरपुर चौक और बहसी चौक से होकर गुजरेगा। इसकी लंबाई करीब 59.5 किलोमीटर है। दूसरा मार्ग मुसरीघरारी या सरायरंजन, शाहपुर पटोरी, एनएच-322, जंदाहा पासवान चौक, गाजीपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र ई तक पहुंचेगा। यह मार्ग करीब 41.5 किलोमीटर लंबा है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page