आमलोगों की समस्या के निराकरण के लिए जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई
– 16 लोगों की समस्या की हुई सुनवाई, अधिकारियों को निर्देश
मोतिहारी। “सबका सम्मान जीवन आसान” सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अंतर्गत बुधवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में संध्या 4:00 बजे से आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना गया और संबंधित पदाधिकारी शीघ्र समस्या निराकरण का निर्देश दिया।
रामगढ़वा अंचल से आए विनय कुमार सिंह ने बताया कि उनका मामला अतिक्रमण से संबंधित है। वे लोग परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। छठ के अवसर पर गांव आए थे। अंचल अधिकारी से मिलकर अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया गया है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। जिस पर जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी रामगढ़वा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
साथ ही श्री सिंह को अंचल अधिकारी से खुद मिलने की बात कही गई। कल्याणपुर प्रखंड के ग्राम खोखरा निवासी धीरज कुमार सिंह ने बताया कि गांव के आपराधिक तत्वों द्वारा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है और धमकी दी जा रही है। जमीन पुश्तैनी है, जिस पर उनके पटीदार के द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले एक वर्षों से बुजुर्ग माता-पिता के साथ गाली गलौज भी किया जा रहा है। उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने एवं इसका स्थाई समाधान निकालने की मांग की, नतीजतन जिलाधिकारी ने एसडीओ और एसडीपीओ चकिया को आवेदन भेजते हुए उस पर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बंजरिया अंचल के बिट्टू कुमार ने बताया कि फर्जी डॉक्यूमेंट के आधार पर दाखिल खारिज के लिए अंचल अधिकारी को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन दिया गया है, जिसको रद्द करते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए अंचल अधिकारी से मिलकर मैने आवेदन दिया है, परंतु उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी से इस पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात किया। सीओ ने बताया कि दूसरे पक्ष को भी नोटिस जारी किया गया है। शीघ्र ही जांच कर कारवाई की जाएगी।
तुरकौलिया अंचल के मुकेश पंडित के द्वारा बताया गया कि उनका मामला दाखिल खारिज से संबंधित है। उन्होंने बताया कि एक ही खेसरा में कुछ लोगों का दाखिल खारिज कर दिया गया है, लेकिन मेरे जमीन का दाखिल खारिज नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी के पूछने पर अंचल अधिकारी तुरकौलिया ने बताया कि इनका मामला पहले रिजेक्ट हो गया है। जिलाधिकारी ने मामले से संबंधित सभी दस्तावेजों की समुचित जांच कर अग्रेत्तर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
संग्रामपुर अंचल से आए विश्वनाथ रावत ने बताया कि उनका मामला जमीन के मापी से संबंधित है। इसके लिए आंचल से 11 नवंबर की तिथि निर्धारित थी, लेकिन उस दिन मापी नहीं हो सका।जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी से इस संदर्भ में जानकारी लिया तो पता चला कि अमीन उपलब्ध नहीं था। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मापी कराएं। जबकि अन्य प्राप्त सभी आवेदनों के संदर्भ में समस्या निराकरण के लिये कार्रवाई का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

