जमीनी विवाद में चाकूबाजी, एक व्यक्ति की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
-प्रतिशोध में आरोपी के घर पर हमला,गर्भवती पत्नी समेत दो घायल
भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंच कर डीएसपी ने लोगों को शांत कराया
सुगौली। थाना क्षेत्र के करमवां गांव में सोमवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। घटना में चंद किशोर यादव की मौत हो गई। बताया जाता है कि चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल चंद किशोर यादव ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी फूलकुमारी देवी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद मामला उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब मृतक पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर चाकू मारने के आरोपी ज्वाला प्रसाद के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान ज्वाला प्रसाद और उनकी गर्भवती पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
वहीं, घर में जमकर तोड़फोड़ की गई और कई बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलते ही अंचल पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार और थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए भेज दिया तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार सहित अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में हुई नोकझोंक में चाकू लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके बाद मृतक के परिजनों ने आरोपी और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।

