तुरकौलिया मे प्रेम प्रसंग को लेकर दो युवकों में भिड़ंत, चाकूबाजी में दोनों जख्मी
-दोनों का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के तुरकौलिया मध्य पंचायत के बसवरिया टोला में सोमवार को प्रेम प्रसंग को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, चाकू मारने के आरोपित युवक की भी ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। दोनों घायलों का इलाज मोतिहारी सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल दिनेश साह (25) बसवरिया गांव के शिवनारायण साह का पुत्र है। वह दक्षिण भारत के कन्याकुमारी में मजदूरी करता है। वहीं, चाकू मारने का आरोपित धोनी कुमार (24) स्व. अमरीका साह का पुत्र है और तुरकौलिया चौक पर फल का कारोबार करता है।
बताया जाता है कि दिनेश साह का धोनी कुमार की बहन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर धोनी नाराज था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान धोनी ने दिनेश पर चाकू से चार वार कर दिया।
हमले में दिनेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे तुरकौलिया सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने धोनी की भी पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

