नेपाल के कलेया के रामजानकी मंदिर छठघाट पहुंचीं ब्रह्माकुमारी बहनें

नेपाल के कलेया के रामजानकी मंदिर छठघाट पहुंचीं ब्रह्माकुमारी बहनें
Facebook WhatsApp

-डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे व्रतियों के बीच शामिल होकर दिया स्वच्छता, पवित्रता और नई दुनिया के उदय का आध्यात्मिक संदेश

रक्सौल/कलैया (नेपाल)। नेपाल के कलैया स्थित सिद्धेश्वर के प्रसिद्ध रामजानकी मंदिर छठ घाट को इस वर्ष काफी सुंदर और आकर्षक ढंग से सजाया गया था। घाट की साफ-सफाई व्यवस्थित तरीके से की गई थी। आकर्षक विद्युत सज्जा और स्वच्छ जल में रंग-बिरंगी बिजली की झालरों का प्रतिबिंब घाट की सुंदरता में चार चांद लगा रहा था।

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कलेया में बिहार की तरह ही छठ महापर्व मनाने की परंपरा है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में छठ व्रती घाट पर पहुंचे और संध्या में डूबते सूर्य को श्रद्धापूर्वक अर्घ्य अर्पित किया। अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य भी भक्तिमय रहा। इस अवसर पर व्रतियों के साथ उनके परिवार और संबंधी भी बड़ी संख्या में घाट पर उपस्थित थे।

इसी दौरान कलेया केंद्र पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचीं वरिष्ठ राजयोगिनी एवं मधुबनी निवासी बीके ऊषा दीदी के साथ नेपाल के विभिन्न सेवा केंद्रों से आई ब्रह्माकुमारी बहनें भी छठ घाट पहुंचीं। उन्होंने छठ व्रतियों के श्रद्धा, उमंग और उत्साह में स्वयं को सहभागी बनाया।

इस अवसर पर वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी बीके रेवती दीदी ने छठ पर्व की आध्यात्मिक व्याख्या करते हुए कहा कि कल्प का समापन मानो सूर्यास्त और नई दुनिया का उदय मानो सूर्योदय है। छठ पर्व अपनी विशिष्टताओं के कारण अब भारत के साथ नेपाल में भी व्यापक रूप से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डूबते सूर्य को श्रद्धा और भक्तिभाव से नमन करना 5000 वर्ष के कल्प की विदाई का प्रतीक है, जबकि सूर्योदय के समय अर्घ्य देना नई सतयुगी दुनिया के स्वागत का संदेश देता है।

बीके सुषमा बहन ने कहा कि छठ व्रत कठिन नियमों और अनुशासन का पर्व है। 48 घंटे का निर्जला उपवास इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। इस पर्व में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। चार दिवसीय छठ पर्व में जिस तरह स्वच्छता, शुद्धता और पवित्रता को अपनाया जाता है, वह हर व्यक्ति को अपने जीवन को भी शुद्ध और पवित्र बनाने की प्रेरणा देता है।

घाट भ्रमण में सिमरौनगढ़ की बीके निर्मला, घोड़ासहन की बीके मीरा, बीके ज्योति, बीके विष्णु और बीके संगीता सहित अन्य बहनें शामिल थीं। सभी ने छठ व्रतियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। बहनों ने कामना की कि सभी का जीवन सुखमय, समृद्ध, खुशहाल और संपन्न बने।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page